गाजीपुर। विभिन्न मांगों को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) की ओर से जन अधिकार मार्च निकाला गया। लंका से निकाला गया यह जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंचा जहां सभा की गई। जुलूस में बड़ी संख्या में पुरुष महिलाएं हाथ में तख्तियां लेकर चल रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि यह सरकार गरीब किसानों की ओर से 163 दिनों से किए जा रहे आंदोलन को अनसुनी कर रही है। अगर इसे गंभीरता से नहीं लिया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कमेटी के सदस्य लोकसभा प्रभारी इश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि सरकार शहीदों की शहादत पर भी राजनीति कर रही है। मत बटोरने के लिए माहौल बना रही है। देश में 24 लाख पद खाली चल रहे हैं, और योग्यता के बावजूद युवा देश में बेरोजगार हो कर घूम रहे हैं। अन्य वक्ताओं ने कहा कि रेलवे की ओर से जबरिया भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्हें हर हाल में उचित मुआवजा दिया जाय। राशन गरीबों को मिलने की बजाय इसकी लूट खसोट की जा रही है। आवारा पशु किसानों की खेतों को बरबाद कर रहे हैं। उनकी सही से रोकथाम नहीं की जा रही है। इस मौके पर राजेश बनवासी, गुलाब सिंह, योगेन्द्र यादव, कोशल्या देवी, मोती प्रधान, योगेन्द्र प्रताप भारती, रामप्रवेश कुशवाहा, नंदकिशोर बिंद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।