गाजीपुर। बकाए मानदेय के भुगतान को लेकर लोक शिक्षा प्रेरक रविवार को संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से मिले। उन्हें एक पत्रक सौंपते हुए बताया कि करीब चार वर्ष से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते प्रेरकों की दशा दयनीय हो गई है। अधिकारियों से लेकर कई जन प्रतिनिधियों तक को इस समस्या की जानकारी देते हुए गुहार लगाई गई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे सभी हताश हैं। राज्यमंत्री ने समस्या के समाधान ।का आश्वासन दिया।
सरजू पांडेय पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा में आए श्री सिन्हा को पत्रक सौंपते हुए प्रेरक संघ के जिला संरक्षक हरिनारायण यादव ने बताया कि साक्षर भारत मिशन के तहत 2011 में उनकी नियुक्ति की गई थी। उस समय दो हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया था। प्रौढ़ शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही बीएलओ, सर्वे आदि का भी काम कराया जाता है। करीब चार वर्ष का मानदेय बकाया चल रहा है। कई बार गुहार लगाई गई लेकिन मात्र आश्वासन मिल रहा है। मानदेय नहीं मिलने से प्रेरकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। अनुरोध किया गया कि संविदा बहाली की तिथि घोषित किए जाने के साथ ही प्रेरकों के बकाए का जल्द भुगतान करा दिया जाए। इस मौके पर अशोक पुरी, चतुरी सिंह यादव, जावेद, बाबर, बृजबाला सिंह, दयाशंकर, विनय राय, संतोष गुप्ता, नगीना राम, शिवकुमार सिंह आदि उपस्थित थे।