गाजीपुर। गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर लंका बस स्टैंड, विशेश्वरगंज तिराहा सहित नगर के विभिन्न मार्गों पर टेंपो और ई-रिक्शा चालक मनमानी कर रहे हैं। सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कर सवारियों को उतार और बैठा रहे हैं। इससे अन्य आवागमन करने वालों की रफ्तार रुक रही है। यह मनमानी सबसे अधिक लंका बस स्टैंड पिकेट के पास हो रही है। इससे आएदिन आवागमन करने वालों को जाम से परेशानी उठानी पड़ रही है।
गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर स्थित लंका बस स्टैंड से थोड़ी-थोड़ी देर में वाराणसी के लिए बसों के जाने और आने का क्रम बना रहता है। इससे सुबह से लेकर देर शाम तक विभिन्न मुहल्लों के लोग वाराणसी जाने के लिए टेंपो और ई-रिक्शा से आते हैं और वाराणसी से आने के दौरान विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के लिए रौजा बस स्टैंड के साथ ही विभिन्न मुहल्लों में जाते हैं। जैसे ही वाराणसी से बसें आती हैं, सवारियों के लेने के चक्कर में तमाम टेंपो और ई-रिक्शा चालक स्टैंड के पास पहुंच जाते हैं और वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर यात्रियों को बैठाने के लिए आवाज लगाने लगते हैं। सुबह से लेकर देर शाम पटरियों के साथ ही सड़क पर टेंपो और ई-रिक्शा वालों को कब्जा रहता है। इससे अन्य आवागमन करने वालों की रफ्तार रुकती है और लोगों को जाम का झाम झेलना पड़ रहा है। यदि कोई वाहन चालक सड़क पर खड़े टेंपो का विरोध करता है तो चालक उनसे मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। खास बात यह है कि बस स्टैंड के सामने ही पिकेट पर तीन से चार पुलिस कर्मी हर समय तैनात रहते हैं, लेकिन मनमानी करने वाले टेंपो और ई-रिक्शा चालकों को नियम-कानून बताने का काम नहीं करते है, जिसका खामियाजा मार्ग पर आवागमन करने वाले अन्य लोगों को भुगतना पड़ता है। इस संबंध में यातायात प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि समय-समय पर ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। शीघ्र ही अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।