गाजीपुर। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी निर्वाचन आयोग की ओर से तेज कर दी गई है। मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के साथ ही मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है। यही नहीं पोलिंग स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने की कवायद भी की जा रही है।
लोकसभा का चुनाव इस वर्ष कराया जाना है। हालांकि इसमें अभी कुछ महीने शेष हैं, लेकिन इस चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की तैयारी तेज हो गई है। चुनाव को लेकर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का अभियान पहली सितंबर से 30 नवंबर तक चला। इस दौरान 106936 फार्म-छह, छह-ए, सात, आठ एवं आठ-ए प्राप्त किए गए। इसमें से 104341 फार्म स्वीकृत किए गए जबकि 2167 को अस्वीकृत किया गया। बताया गया है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर लोगों ने विशेष उत्साह दिखाया है। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के 65866 लोगों ने फार्म-छह भरकर नाम बढ़वाने के लिए आवेदन किया। इसमें 64006 आवेदन स्वीकृत तथा 1615 फार्म अस्वीकृत हुए। इसी तरह 38155 फार्म-सात में 38144 फार्म को स्वीकृति प्रदान की गई। दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप देने का कार्य किया जा रहा है। 31 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन के साथ ही वहां मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने का कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल की चेकिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।