मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं एसडीएम के स्थानांतण की मांग को लेकर तीन माह से हड़ताल पर चल रहे अधिवक्ताओं एवं सीआरओ के बीच मंगलवार को हुई वार्ता बेनतीजा रहने से अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रही। अपनी मांगों को लेकर आंदोलित अधिवक्ताओं ने कहा समस्या के समाधान होने तक राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार जारी रहेगा।
मुहम्मदाबाद के अधिवक्ता तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं वरिष्ठ अधिवक्ता काशीनाथ यादव एवं शिवदान तिवारी के प्रकरण को लेकर पिछले नौ सितंबर से सभी राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार कर रहे हैं। बीच-बीच में दीवानी न्यायालय में भी इसी प्रकरण को लेकर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे हैं। तीन माह से भी अधिक समय से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल समाप्त कराने के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अवस्थी एवं अधिवक्ता पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकलने से अधिवक्ताओं ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। वार्ता के दौरान सीआरओ श्री अवस्थी ने कहा कि अधिवक्ता के प्रकरण में मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन रहने के कारण उस पर एसडीएम द्वारा कोई आदेश पारित नहीं किया जा सकता है। भ्रष्टाचार के मामले में आप लोग लिखित रूप से शिकायत पत्र दें। उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम का स्थानांतरण भी आचार संहिता के कारण तत्काल संभव नहीं है। उन्होंने मामले का शीघ्र व्यवहारिक हल निकाले जाने का आश्वासन दिया। वार्ता बेनतीजा रहने के कारण अधिवक्ताओं ने समस्या का समाधान होने तक राजस्व न्यायालयों का बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया। वार्ता में मुख्य रूप से सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमला राय, चंद्रप्रकाश राय, काशीनाथ यादव, शिवदान तिवारी, विश्वम्भर दुबे, आलोक राय आदि शामिल रहे।