गाजीपुर/सुहवल। गुरुवार की शाम परिवहन विभाग, खनन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के बिरनो, कासिमाबाद एवं सुहवल थाना क्षेत्रों के अलग-अलग मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ई-चालान के जरिए कुल 23 वाहनों से सात लाख 48 हजार 850 रुपये जुर्माना वसूल करने के साथ ही आवश्यक कागजात न होने पर सात वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के चलते वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची रही।
परिवहन विभाग, खनन विभाग ने पुलिस के साथ गुरुवार की शाम जिले सुहवल, बिरनो एवं कासिमाबाद थाना क्षत्र में विभिन्न मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बालू, गिट्टी, कोयला, बिना परमिट आदि विभिन्न तरह के वाहनों की चेकिंग किया। करीब रात आठ बजे तक चेकिंग अभियान चला। इस संबंध में एआरटीओ राम सिंह ने बताया कि सुहवल, बिरनो एवं कासिमाबाद थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 23 विभिन्न तरह के वाहनों से सात लाख 48 हजार 850 रुपये जुर्माना के रूप में जमा कराया गया। जबकि सात विभिन्न तरह के वाहनों को कागजात आदि के अभाव में सीज कर संबंधित थाना को सुपुर्दगी में दिया गया। बताया कि किसी भी सूरत में अवैध तरीके से वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। चेकिंग टीम में एआरटीओ राम सिंह, जिला खनन अधिकारी जितेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक केके सिंह, उपनिरीक्षक अजीत कुमार पांडेय बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी शामिल थे। जमानिया-सैय्यदराजा-गाजीपुर 24/97 राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात तक सन्नाटा रहा।