दिलदारनगर(गाजीपुर)। बक्सर से वाराणसी के लिए नई मेमू पैसेंजर ट्रेन बुधवार को बिहार के बक्सर रेलवे स्टेशन से अपने निर्धारित समय से दस मिनट विलंब अर्थात 3.20 बजे रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने रेलवे बोर्ड नई दिल्ली से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। ट्रेन को हरी झंडी मिलते ही वह बक्सर से रवाना हो गई।
बुधवार को मेमू ट्रेन के रवाना होने के बाद बक्सर और वाराणसी के बीच के सभी स्टेशनों पर पहले से रेल यात्री और स्थानीय लोगों ने ट्रेन के चालक को माला पहना कर उनका स्वागत किया और उसको मिठाई खिलाई। साथ ही रेल राज्यमंत्री को धन्यवाद दिया। जैसे-जैसे बक्सर से ट्रेन आगे बढ़ती गई लोग हर जगह ट्रेन को रोका और चालक का स्वागत किया। इस दौरान मिठाई खिलाने और माला पहनाने के लिए लोगों की होड़ लगी रही। इस ट्रेन को देखने वालों की भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। बक्सर से चलने के बाद मेमू ट्रेन चौसा, बाराकला हाल्ट, गहमर, करहिया, भदौरा, उसिया, दिलदारनगर, जमानिया, धीना, सकलडीहा, कुछमन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, ब्यासनगर, काशी होते हुए वाराणसी तक पहुंची । सभी जगह रेलवे स्टेशनों पर लोग मेमू ट्रेन को देखने के लिए पहले से नजर गड़ाए हुए थे। कुछ इच्छुक रेल यात्रियों ने पहले ही दिन नई पैसेंजर ट्रेन में सफर कर यात्रा का आनंद उठाया।