सेवराई(गाजीपुर)। स्थानीय बस स्टैंड स्थित संत श्रीराम शर्मा आचार्य कांवेंट स्कूल भदौरा में सोमवार को छठ पूजा की झांकी का आयोजन स्कूल के छात्र-छात्राओं की ओर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डाइरेक्टर राजेश कुमार वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने छठ महापर्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि विद्यालय विद्या ग्रहण करने के साथ-साथ अपने अंदर के दिव्य गुणों को विकसित करने का स्थान भी है। छठ पूजा एक महापर्व है और इसका अपना ही महत्व है। कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं की छात्रा शिवानी सिंह और श्वेता सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कंचन राय, शिल्पा सिंह, नेहा सिंह, ममता सिंह, जितेंद्र राम, विवेक कुमार पांडेय, पुनीत सिंह, शशिकांत सिंह आदि उपस्थित थे। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य भरत लाल ने आभार प्रकट किया।