गाजीपुर। अखिल भारतीय किसान महासभा के नेतृत्व में शहीद भगत सिंह पार्क झींगुरपट्टी में जबरिया भूमि अधिग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे अनिश्चतकालीन धरना के तहत बुधवार को सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर महासभा के राष्ट्रीय सचिव ईश्वरीप्रसाद कुशवाहा ने कहा कि यहां धरना का दसवां दिन है। अभी तक जिला प्रशासन ने प्रभावित किसानों से कोई वार्ता कर हल निकालने का प्रयास नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के अनुसार किसानों से सहमति लेकर मुआवजा, सोलेसियम और ब्याज सहित भुगतान नहीं किया गया। किसानों की जमीन में काम लगाने की कोशिश होगी तो किसान चुप नहीं बैठेंगे। कहा कि किसान विकास विरोधी नहीं हैं। सभा में विजयबहादुर सिंह, गुलाब सिंह, प्रमोद कुशवाहा, मोती प्रधान, मनोज कुशवाहा एवं चंद्रिका कुशवाहा ने विचार व्यक्त किया। सभा के बाद बैठक कर तय किया गया कि 13 अक्तूबर से सोनवल से रेल प्रभावित किसान संघर्ष समिति के तत्वावधान में किसान पदयात्रा प्रभावित गांवों से गुजरेगी। 15 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा। बैठक में ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा, मटरू सिंह, शफीक खां, जनार्दन, शिवलोचन कुशवाहा, महेंद्र सिंह, पिंटू, मोती प्रधान आदि उप स्थित थे।