जमानिया(गाजीपुर)। नई बाजार-देवैथा मार्ग की हालत काफी खराब हो गई है। करीब डेढ़ दर्जन से भी अधिक गांवों को जोड़ने वाली यह सड़क उपेक्षा की शिकार बनी हुई है। मार्ग पर बड़ी-बड़ी गिट्टी होने के कारण वाहन ही नहीं पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला।
सड़क की मरम्मत न होने से स्टेशन बाजार के व्यापार पर खराब असर पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोग डेवढ़ी में कर्मनाशा नदी पर पुल बन जाने के कारण बिहार से अपनी खरीददारी कर रहे हैं। मालूम हो कि पूर्व की सरकार ने इस सड़क को बनवाने के लिए धन स्वीकृत कर दिया था। चुनाव से पहले नई बजार से खड़ैचा तक गिट्टी पड़ गई थी, लेकिन सत्ता बदली नए निजाम आए तो कार्य ही बंद हो गया। काफी दिनों तक पैसे के अभाव में काम बंद रहा। फरवरी-मार्च में पैसा आया तो काम पुन: शुरू हो गया। सड़क खड़ैचा से रइमला तक ही पिच हुई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से कार्य अधर में लटक गया। सड़क पर मार्च में लगभग 23 करोड़ का टेंडर भी प्रकाशित हुआ था, लेकिन टेंडर किस कार्यदायी संस्था को हुआ अथवा नहीं हुआ क्षेत्रीय लोग इससे अंजान हैं। इस संबंध में जेई सुभाष ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण के लिए धन आया और सड़क पर काम भी लग गया था लेकिन सड़क को सीआरएफ के तहत चौड़ीकरण कराने के लिए प्रयास किया जा रहा था जो किन्हीं कारणों से असफल हो गया। इसी बीच सड़क पर स्वीकृत धनराशि भी वापस चली गई। सड़क निर्माण अधर में फंसा हुआ है। इसका प्राक्कलन बना कर पुन: शासन को भेजा गया है। जल्द सड़क पर निर्माण कार्य शुरू होगा। विधायक सुनीता सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर आया हुआ पैसा वापस चला गया है। उसे वापस मंगाने के लिए लिखा गया है। जल्द ही पैसा वापस आ जाएगा। उन्होंने बताया कि सीआरएफ के तहत चौड़ीकरण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलनी बाकी है। जल्द ही चौड़ीकरण का भी पैसा स्वीकृत हो जाएगा। किसी भी स्थिति में सड़क को चलने योग्य बनवा दिया जाएगा।