सैदपुर(गाजीपुर)। सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर स्थित मां शीतला माता मंदिर परिसर से जुलूस निकाल कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं पेट्रोल मूल्य वृद्धि के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। तहसील में पहुंचकर उपजिलाधिकारी सत्यम मिश्र को पत्रक देने का प्रयास किया, लेकिन एसडीएम के न होने के कारण पत्रक न देकर वापस लौट गए।
नगर स्थित मां शीतला मंदिर परिसर से जुलूस सपा नेता मोहित यादव के नेतृत्व में निकला। जुलूस सादात रोड, बस स्टैंड होते हुए तहसील में पहुंचा। इस मौके पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में मोहित यादव ने कहा कि इस सरकार में पेट्रोल का मूल्य दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों की जेब कट रही है। यह सरकार हर मुद्दे पर विफल है। सरकार को आम जन की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। चुनाव के दौरान किए गए वादे जुमला साबित हो रहे हैं। जनता को छलने का खामियाजा आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर गायक सुनील यादव, संजय यादव, जितेंद्र मौर्य, मनीष यादव, दीपक यादव, कमलेश यादव, सोनू, शनि, रामअवध, राहुल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।