सादात(गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने सोमवार को एमएलसी विशाल सिंह चंचल को पत्रक देकर खंड विकास अधिकारी पवन कुमार सिंह के स्थानांतरण की मांग की। प्रधानों ने कनेरी में बैठक कर उनकी कार्यशैली का पुरजोर विरोध किया।
प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश सिंह हकाडू ने कहा कि प्रधानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास के चयन में मनमानी, विकास योजनाओं में कमीशनखोरी की मांग, कमीशन न देने पर जांच में फंसाने की धौंस देना, जनप्रतिनिधियों से सीधे मुंह बात न करना आदि ऐसे मुद्दे हैं, जो अक्षम्य हैं। चाहे अधिकारी हो या कर्मचारी अगर किसी के भी द्वारा जनप्रतिनिधियों को यथोचित सम्मान नहीं मिलता है तो उसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। मिर्जापुर के प्रधान प्रतिनिधि किशोर यादव, इकरा के प्रधान भिक्खू यादव, बहरियाबाद के प्रधान डा. नेसार अंसारी, खजूरहट के धर्मपाल यादव, हुरमुजपुर के लालचंद्र चौहान, ब्लाक अध्यक्ष रामनरेश यादव, संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह पप्पू आदि ने समवेत स्वर में बीडीओ के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए एक सप्ताह के अंदर उनका स्थानांतरण करने की मांग की। एमएलसी विशाल सिंह ने शीघ्र ही प्रधानों की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर राणा यादव, अंकुर सिंह, वकील सिंह, ओमप्रकाश, महेंद्र यादव, फूलचंद्र राम, राजू सिंह, उमेश, वंशराज यादव, नंदा सिंह, मनोज सिंह, राजेश सिंह, पवन पांडेय आदि उपस्थित थे।