मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगरपालिका परिषद के लिए मतदान संपन्न होने के चार दिन बाद भी मुहल्ले- मुहल्ले एवं चट्टी के चायखानों में जीत-हार को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। चेयरमैन पद के लिए कोई भी राजनीतिक दल स्पष्ट रूप से जीत का दावा करने से परहेज करते रहे लेकिन वार्डों में सभासद पद के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के दावे करने से नहीं चूक रहे हैं।
कई प्रत्याशी तो अपनी जीत के प्रति इतने आश्वस्त हैं कि घर-घर घूमकर मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करने एवं जीत की बधाई लेने में पूरे दिन व्यस्त रहे। नगर के जामा मस्जिद चटटी पर वार्ड नंबर 23 मिर्दहा मुहल्ला में सभासद पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर रही। इस वार्ड का वोट इस्लामिया स्कूल में पडा जिसे अति संवदेनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया था। अधिकारियों की टीमें बार-बार बस बूथ का निरीक्षण कर रही थी। उसके बावजूद यहां 64 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों ही प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। इसी प्रकार वार्ड नंबर 18 शैवटोला में भी सभासद पद के लिए बसपा और भाजपा में कड़ी टक्कर थी। यहां 71.27 प्रतिशत मतदान हुआ और दोनों ही प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं। वार्ड नंबर 11 जमालपुर में दो प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर थी। यहां 65.36 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों ही प्रत्याशी यहां भी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। मतदान के दूसरे दिन पूरे नगर में जगह-जगह जीत-हार को लेकर अटकलों का दौर जारी रहा। चेयरमैन किस दल का होगा इस पर मतदाताओं में भी खामोशी है। सपा, बसपा एवं भाजपा तीनों ही दलों के समर्थक चायखानों में अपने अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा कर रहे हैं। वैसे किसी भी राजनीतिक दल के बड़े नेता द्वारा अपने प्रत्याशी की जीत का दावा नहीं किया गया है।