गाजीपुर। जिले के नगरीय निकाय चुनाव में पांच मतदान केंद्र ऐसे हैं जहां पांच या उससे अधिक मतदान स्थल हैं। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। ये मतदान केंद्र नगर पालिका परिषद गाजीपुर सहित जिले के तीन नगर निकायों में हैं।
नगर निकाय चुनाव के तहत जिले की तीन नगर पालिका परिषदों एवं पांच नगर पंचायतों में 22 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में होने वाले इस चुनाव में 111318 पुरुष एवं 94229 महिला सहित कुल 205547 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनके लिए सभी आठ निकायों में 99 मतदान केंद्र एवं 266 मतदान स्थल बनाए गए हैं। अब जबकि मतदान में गिनती के दिन शेष रह गए हैं चुनाव में बाजी मारने की हसरत से जहां उम्मीदवारों ने ताकत झोंक दी है वहीं इसको सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की सक्रियता भी बढ़ गई है। आयोग के निर्देशानुसार ऐसे मतदान केंद्रों का चयन किया गया है जहां पांच या उससे अधिक मतदान स्थल हैं। ऐसे मतदान केंद्रों की संख्या पांच है। इन केंद्रों पर मतदान के दिन स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। इनमें नगर पालिका परिषद गाजीपुर एवं जमानिया के दो-दो तथा एक मतदान केंद्र नगर पंचायत दिलदारनगर का है। बताते चलें कि नगर पालिका परिषद गाजीपुर के आदर्श इंटर कालेज स्थित मतदान केंद्र पर रामकिशोर सिंह, एमएएच इंटर कालेज में सुरेश राम, नपा जमानिया के बेसिक प्राइमरी पाठशाला हरपुर में राजेंद्र प्रसाद सिंह, राजकीय बालिका इंटर कालेज में सचिदानंद सिंह तथा दिलदारनगर के राधा-कृष्ण इंटर कालेज स्थित मतदान केंद्र पर ओमप्रकाश तिवारी को बतौर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। इन केंद्रों पर पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।