भांवरकोल/दुबिहा(गाजीपुर)। नगर निकाय चुनाव में चेकिंग अभियान के दौरान भांवरकोल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। शनिवार की देर रात पुलिस ने थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव के बाहर स्थित एक डेरे पर नकली देशी शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 23 पेटी नकली देशी शराब और चोरी की बोलेरो के साथ बड़ी मात्रा में शराब बनाने का उपकरण बरामद किया है। साथ ही मौके पर मौजूद चार आरोपियों को धर दबोचा। जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा।
नगर निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा के निर्देश पर नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के आसपास इलाकों में लगातार पुलिस टीम भ्रमण करने के साथ छापेमारी कर रही है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान देर शाम थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली की फिरोजपुर गांव निवासी प्रभुनाथ राय उर्फ टुनटुन राय के खंडहर डेरे पर बड़े पैमाने पर नकली देशी शराब बनाकर निकाय चुनाव में बांटने के लिए बोलेरो से ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने छापेमारी करके नकली देशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 23 पेटी नकली देशी शराब और बाहर खड़ी चोरी की बोलेरो बरामद किया। साथ ही चार आरोपियों को मौके से धर दबोचा। जबकि डेरा मालिका भागने में सफल रहा। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम शेरपुर कला गांव निवासी जितेश कुमार, बिहार प्रांत के बक्सर थाने के सोहनपट्टी निवासी सोना यादव, अमित श्रीवास्तव, सत्येंद्र चौहान बताया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शराब बनाने के भारी मात्रा में उपकरण भी बरामद किए। सफलता प्राप्त टीम को पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये नगर पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस संबंध में सीओ अनिल राय ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्जकर चालान के बाद जेल भेज दिया गया।