सुहवल। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के वीरऊपुर गांव में 12 दिन पूर्व एक मजदूर को गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने नामजद ग्राम प्रधान सहित तीन आरोपियों को उत्तरौली चट्टी से पुलिस ने मंगलवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। जबकि हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के वीरऊपुर गांव निवासी मजदूर लवकुश पासवान बीते 19 अक्तूबर को दीपावली का पूजन करके अपने घर में सोए हुए थे। हत्यारों ने घर में घुसकर सोए हुए मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मजदूर की पत्नी ने ग्राम प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराने के साथ पुलिस को बताया कि ग्राम प्रधान और मृतक के बीच शौचालय की धनराशि को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली की मजदूर के तीन हत्यारे उत्तरौली चट्टी से बिहार भागने के फिराक में है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी ग्राम प्रधान रामदयाल राजभर सहित तीन आरोपियों को धर दबोचा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि बीते 19 अक्तूबर की देर रात वीरऊपुर में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले मेें मृतक की पत्नी ने ग्राम प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस टीम ने ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों को उत्तरौली चट्टी से गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस मामले में वांछित मुख्य आरोपी चंदन राजभर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।