मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड के टड़वा ग्राम पंचायत में मंगलवार को ग्राम पंचायत की खुली बैठक हुई। इसमें सभी लोगों के घरों में शौचालय का निर्माण कराए जाने का संकल्प दिलाया गया। ट्रिगर के माध्यम से गांववासियों को स्वच्छता के प्रति प्रशिक्षित कर शपथ दिलाया।
मंगलवार को आयोजित बैठक में सीएलटीसी के जिला चैंपियन अनूप कुशवाहा ने ग्रामीणों को शौचालय से होने वाले लाभ एवं शौचालय न होने के कारण खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से बताया। ग्राम प्रधान कृपाशंकर राय ने गांव के सभी परिवारों में शौचालय बनवाने का आश्वासन दिया। कहा कि गांव को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सभी गांव के नागरिकों की है। गांव स्वच्छ रहेगा तो गांव में बीमारी फैलने का खतरा भी कम होगा। ग्राम पंचायत अधिकारी संजय कुमार राय ने कहा कि सरकार स्वच्छता के प्रति बहुत ही गंभीर है। शौचालय निर्माण में पैसे की कमी बाधक नहीं होगी। प्रति शौचालय 12 हजार रूपये अनुदान के रूप में सभी लाभार्थियों को दिया जाएगा। अध्यक्षता कर रहे हरिनारायण राय ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता ही सेवा है के तहत शौचालय बनाने एवं गांव को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर ह्रदयनारायण राय, अमृता राय, मारकंडेय शर्मा, राजेंद्र राय, शोभनाथ पासी, दयाशंकर बिंद, शिवमूरत, मनाकी देवी, विरेंद्र कुमार, प्रिंस राय, प्रमोद शर्मा, अमृत आदि उपस्थित थे।