दिलदार नगर। नगर पंचायत में व्याप्त समस्याओं का निस्तारण कराने के संबंध में दो हजार नगरवासियों का एक हस्ताक्षर युक्त मांगपत्र सोमवार को रजिस्टर्ड डाक से प्रदेश के मुख्यमंत्री, सांसद एवं संचार-रेल राज्यमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री तथा ऊर्जा मंत्री को भेजा गया।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि दिलदारनगर में जल निकासी की सबसे बडी समस्या है। गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का हमेशा अंदेशा बना रहता है। इसी प्रकार जिले के सांसद एवं संचार-रेल राज्यमंत्री के पत्र में दिलदारनगर रेलवे स्टेशन का आदर्श स्टेशन के रूप में विकास करने, कुछ प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और नगर के पुराने जर्जर डाकघर भवन को तोड़कर नया मॉडल डाकघर बनाने की मांग की गई है। इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के मांगपत्र में कहा गया है कि दिलदारनगर नगर पंचायत में आधुनिक 100 बेड एवं आईसीयू युक्त सरकारी अस्पताल का निर्माण करवा दिया जाए तो क्षेत्रीय लोगों की समस्या का समाधान हो सकता है। इसी प्रकार नगर की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए ऊर्जा मंत्री व नगर विकास मंत्री के पास अलग-अलग मांगपत्रों को भेजा गया। पत्रक भेजने वालों में विनोद कुमार वर्मा, कमलेश जायसवाल, चंदन सिंह, संजय जायसवाल, राजन वर्मा, मोनू गुप्ता, उमेश गुप्ता आदि प्रमुख हैं।