गाजीपुर। जंगीपुर नगर पंचायत के गुरुसेवक नगर निवासी एक युवक बिहार प्रांत के रोहतास जिला अंतर्गत गुप्तधाम दर्शन-पूजन के लिए गया था। नदी में स्नान करते वक्त सोमवार को डूबकर उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन गुप्तधाम के लिए रवाना हो गए। उधर युवक के डूबने की सूचना पर ग्रामीण पीड़ित परिवार वालों को ढ़ाढ़स बंधाने में जुट गए।
गुरुसेवक नगर निवासी श्यामनारायण गुप्ता के पुत्र जुगनू गुप्ता (32) अपने मित्रों के साथ सावन के तीसरे सोमवार को बिहार प्रांत के रोहतास स्थित गुप्तधाम दर्शन-पूजन करने गया था। युवक के साथ गए संदीप गुप्ता ने परिवार वालों को सोमवार की शाम फोन करके बताया कि गुप्तधाम के निकट स्थित नदी में स्नान करते वक्त जुगूनू डूब गया है और उसका कुछ भी पता नहीं चल रहा है। जानकारी होते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजन देर शाम गुप्ता धाम के लिए रवाना हो गए। पुलिस के सहयोग से पूरी रात युवक की तलाश की गई। लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। दूसरे दिन मंगलवार की सुबह युवक का शव नदी किनारे मिला, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मृतक के घर पर लग गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।