गाजीपुर। एनएफपीई के आह्वान पर अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी-डी पोस्टमैन एवं जीडीएस संघ ने मंगलवार को विरोध जताया। अधीक्षक डाक कार्यालय परिसर में संयुक्त रूप से धरना देकर सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की आलोचना की।
इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि सभी संवर्ग के रिक्त पदों को भरा जाए। जीडीएस कमेटी रिपोर्ट की सकारात्मक संस्तुतियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने, नियमित कर्मचारियों को सदस्यता सत्यापन परिणाम घोषित करने तथा देश स्तर पर ग्रामीण डाक सेवकों से संबंधित सदस्यता सत्यापन की मांग की। कहा कि प्राइवेटाइजेशन ठेकेदारी एवं आउट सोर्सिंग को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। उन्होंने एनपीएस स्कीम को बंद कर पुरानी पेंशन बहाल करने तथा डाक विभाग में आपरेटिंग स्टाफ के लिए पांच दिन का सप्ताह लागू करने की मांग की। वक्ताओं ने चेतावनी दिया कि सरकार अगर हमारी दस सूत्रीय मांगों को स्वीकार नहीं करती है तो 23 अगस्त को सभी डाक कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। मांगों की पूर्ति तक वह अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। उपस्थित सदस्यों से एकजुट होकर आगे आने की अपील की। धरना सभा में घनश्याम सिंह, बब्बन सिंह, उपेंद्र सिंह, अशोक सिंह, श्यामनारायण, राजा सिंह यादव, शिवप्रकाश सिंह, रामदुलारे, सीताराम, सत्यप्रकाश, रामाधार यादव, चंद्रिका सिंह, वाल्मीकि शर्मा तथा श्रीनाथ यादव ने विचार व्यक्त किया। सभा का संचालन ग्रुप सी के मंत्री रविंद्र कुमार राव ने किया।