गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने सोमवार को जिले में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास की प्रगति के संबंध में सभी ग्राम पंचायत अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक जिला पंचायत के सभागार में की। इस अवसर पर उन्होंने विकासखंड वार आवास निर्माण की प्रगति जानी। प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष 28 फरवरी तक प्रत्येक दशा में आवास निर्माण पूर्ण रूप से कराते हुए कंप्यूटर में फीड कराने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्राम सचिवों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि फरवरी माह के अंत तक अधिक से अधिक मजदूर एवं राजमिस्त्री लगाकर गुणवत्तापूर्ण आवास का निर्माण हर हाल में पूर्ण करा लें। निर्माण कार्य में लापरवाही पर सचिव स्वयं जिम्मेदार होंगे। वित्तीय वर्ष 2016-17 एवं 2017-18 के जिनके आवास निर्माण नहीं हो पाए हैं उसे अगले माह में तीन मार्च तक का समय उपलब्ध है जिसे पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी सचिवों से आवास निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि जितने भी लाभार्थिेयों के आवास स्वीकृत किए गए हैं। उस पर अगर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है तो उसकी धनराशि अविलंब वापस कराने का निर्देश दिया।