गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत के सभागार में सोमवार को जनपद में तैनात किए गए सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने बोर्ड परीक्षा में अभी तक जिन विषयों की परीक्षा नहीं हुई है उसे नकल विहीन संपन्न कराने के लिए लगाए गए सभी संबंधित अधिकारियों को एक संकल्प के साथ परीक्षा कराने का निर्देश दिया। कहा कि परीक्षा ड्यूटी एक निर्वाचन ड्यूटी की तरह है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अवकाश नहीं दिया जाएगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट किसी भी दशा में अपने सहयोगी को अपने कार्य क्षेत्र में नहीं लगाएंगे। जिले के जिन क्षेत्रों में जो भी सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। अगर वहां किसी भी प्रकार की नकल की शिकायत पाई गई तो संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट की जवाबदेही होगी। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजे जाने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान सीसी कैमरा एवं वायस रिकार्डर की निरंतरता बराबर चेक करते रहने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्र के सौ मीटर के दायरे में अगर कोई भी संदिग्ध दिखे तो उस पर कार्रवाई की जाए। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए जितनी क्लास चयनित है परीक्षार्थी उतनी क्लास में ही बैठ कर परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों की वेरिफिकेशन/फोटो पहचान पत्र छात्र के कक्षा नौंवी तथा 11 वीं की आईडेन्टिफिकेशन रजिस्टर से मिलान पूरी सावधानी पूर्वक किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अवश्य चेक किया जाए की परीक्षा केंद्र पर उतने ही प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिका आई है जितने की परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं उसका मिलान अवश्य कर लें। बैठक में जिला विकास अधिकारी एम लाल, क्षेत्राधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार मिश्र, सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।