सुहवल(गाजीपुर)। कभी नो-इंट्री तो कभी वाहनों के खराब होने से गाजीपुर-जमानिया-सैय्यदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ताड़ीघाट-बारा स्टेट हाईवे पर आए दिन आवागमन करने वालों को जाम का मुंह देखना पड़ रहा है। गुरुवार की भोर में हमीद सेतु के समीप और कालूपुर गांव पास एक ट्रक का गुल्ला टूटने और इंजन में खराबी आने से वह सड़क पर खड़ा हो गया। इससे मार्ग आवागमन अवरुद्ध हो गया। आठ घंटा तक राहगीर जाम में जूझते रहे।
मालूम हो कि जमानिया की तरफ से गिट्टी लेकर गाजीपुर की तरफ जा रहा ट्रक का भोर में करीब चार बजे हमीद सेतु के समीप गुल्ला टूटने के साथ इंजन में खराबी आ गई। चालक ने मैकेनिक को बुला कर ट्रक का मरम्मत शुरू करा दिया। इसी बीच कुछ देर बाद ही उसके पीछे से गिट्टी लेकर गाजीपुर जा रहे ट्रक का कालूपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचो-बीच गुल्ला टूट गया। इससे वह भी मार्ग पर खड़ा हो गया। कुछ ही देर में जाम का झाम शुरू हो गया। देखते ही देखते ताड़ीघाट-बारा और गाजीपुर-जमानिया-सैयदराजा मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की जकड़न का आलम यह था कि वाहनों की कौन कहे, पैदल आवागमन करने वालों को भी निकलने में जद्दोजहद करनी पड़ रही थी। जाम में निजी वाहनों, यात्री वाहनों के साथ ही स्कली बसें भी फंसी रही। वाहनों को आगे-पीछे करने को लेकर लोगों में तीखी झड़प होती रही। जाम की जकड़न को देखते हुए कई लोग वाहनों को घुमा कर वापस लौटते रहे। ट्रक चालक बार-बार वाहन से उतर कर यह पता लगने में जुटे रहे कि खराब ट्रक बने या नहीं। जानकारी होते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आवागमन सुचारु कराने में जुट गए, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी उन्हें सफलता नहीं मिली। आठ घंटे बाद दिन में 12 बजे मरम्मत होने पर ट्रकों के आगे बढ़ने के बाद आवागमन सुचारु हो सका। जाम की वजह से लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।