मुहम्मदाबाद। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी न्यायालय मुहम्मदाबाद के चर्चित पेशकार इंद्रकुमार पाल का स्थानांतरण इसी तहसील के संग्रह अनुभाग में एडब्ल्यूबीएन के पद पर कर दिया है। एडब्ल्यूबीएन शंभूनाथ को उपजिलाधिकारी न्यायालय में पेशकार के पद पर तैनात किया गया है। पिछले 24 नवंबर की रात में तहसील का निरीक्षण करने आये प्रदेश के परिवहन आयुक्त पी गुरू प्रसाद उपजिलाधिकारी न्यायालय के निरीक्षण में पत्रावलियों में काफी अनियमितता पाए जाने पर डायस पर रखी मुकदमों की फाइलें अपने साथ उठवा ले गए थे। पेशकार इंद्रकुमार पाल को डांट लगाते हुए कहा कि तुम एक मिनट भी इस पद पर रहने के लायक नहीं हो। लोगों को उम्मीद थी की परिवहन आयुक्त की नाराजगी की गाज लगभग एक दशक से भी अधिक समय से जमे पेशकार पर गिरेगी लेकिन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए पेशकार का सिर्फ कुछ दिनों के लिए काउंटर बदल कर मामले की लीपापोती का प्रयास किया गया है। तहसील परिसर में यह स्थानांतरण पूरे दिन चर्चा में बना रहा।