जमानिया(गाजीपुर)। क्षेत्र के रोहुणा ग्रामसभा के डेहरिया गांव में रविवार को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल में जल्दहा (बिहार) की टीम ने रोचक मुकाबले में हसनपुरा को 45-41 के अंतर से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने फीता काट कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। कबड्डी प्रतियोगिता में 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। सेमीफाइनल में देवढ़ी, जल्दहा, जमानिया एवं हसनपुरा की टीम ने प्रवेश किया। पहला सेमीफाइनल देवढ़ी एवं जल्दहा के बीच खेला गया। इसमें जल्दहा की टीम ने 22-18 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल हसनपुरा एवं जमानिया के बीच खेला गया। इसमें हसनपुरा की टीम 24-9 के अंतर से विजयी रही। मुख्य अतिथि श्री सिंह ने विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम एवं संघर्ष के बाद एक अनुशासित खिलाड़ी पैदा होता है। जो खिलाड़ी संकल्पित होकर एवं उद्देश्य के साथ खेलता है। वही क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन कर पाता है। इस अवसर पर बब्बन यादव, विकास सिंह, वेचन राम, लल्लन राम, बबलू सिंह,मिट्ठू सिंह, बालिस्टर राम, रामप्रवेश पांडेय, कमलेश यादव, रामप्रवेश यादव, अशोक यादव, हवलदार सिंह आदि उपस्थित थे। रेफरी की भूमिका पिंटू यादव, सत्यम चौधरी, संदीप यादव, भानू कुमार ने निभाई। स्कोरर अमित त्यागी एवं ऋषि प्रजापति थे। कमेंट्री विनय कुमार ने की।