मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। जिले में प्रस्तावित किसान उत्पादक संगठन की स्थापना के लिए बुधवार को इनायतपुर अलावलपुर में कृषक गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें किसानों का स्वयं सहायता समूह बनाने का प्रस्ताव हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के पुत्र एवं पथरदेवा के ब्लाक प्रमुख सुब्रत शाही ने कहा कि संगठन के माध्यम से किसान अपनी उपज को देश के दूसरे भागों में भेजकर फसल का उचित मूल्य प्राप्त कर सकेगा।
अलावलपुर के इनायतपुर गांव में पूर्वांचल एग्रीको प्रा.लि. के परिसर में आयोजित कृषक गोष्ठी में वक्ताओं ने किसान उत्पादक संगठन बनाकर उसके माध्यम से सरकार से मिलने वाली सभी सुविधाओं जैसे कृषि उपकरण, खाद, बीज आदि मिलने के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि पथरदेवा के ब्लाक प्रमुख सुब्रत शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से पूरा प्रयास करूंगा कि यहां के किसानों द्वारा बनाये गये संगठन के माध्यम से धान क्रय केंद्र बनाकर क्षेत्र के किसानों के धान की खरीद की जाए। इसके अलावा भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं जैसे खाद, बीज, कृषि उपकरण उन्हें प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से किसान अपनी उपज को देश के दूसरे भागों में भेजकर फसल का उचित मूल्य प्राप्त कर सकेगा। भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य वीरेंद्र राय ने कहा कि सरकार किसानों को उनके द्वारा गठित संगठन के माध्यम से उन्हे स्वाश्रयी बनाने एवं उनकी आय दोगुनी करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने किसान उत्पादक संगठन के निर्माण की अगुवाई करने वाले किसानों की प्रशंसा की। गोष्ठी में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, गुलाम मुहम्मद, सुनील राय, अशोक राय, बलवंत शुक्ला, जेपी सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता चन्द्रकेश राय एवं संचालन शीत गृह स्वामी ओमप्रकाश राय ने किया।