गहमर(गाजीपुर)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों की शिकायत सुनने के लिए अब रेलवे विभाग परिवाद शिविर का आयोजन करेगा। इसमें कर्मचारी लिखित या मौखिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभाग जल्द निस्तारण भी करेगा। इस शिविर का आयोजन तीन अगस्त से 29 सितंबर तक विभिन्न स्टेशनों पर किया जाएगा। सबसे पहले तीन अगस्त को जमानिया स्टेशन पर कर्मचारियों की समस्या सुनी जाएगी। इसके बाद 10 अगस्त को दिलदारनगर जंक्शन, 18 को बक्सर, 24 को रघुनाथपुर, एक सितंबर को आरा, सात को बिहटा, 20 को दानापुर, 22 को पटना, 26 को तारेगना, 29 सितंबर को जहानाबाद आदि स्टेशनों पर शिविर लगाया जाएगा। यह जानकारी देते हुए पीआरओ संजय कुमार एवं स्टेशन प्रबंधक साधू यादव ने संयुक्त रुप से बताया कि यह शिविर कर्मचारी हित के लिए बहुत लाभकारी होगा। समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के बाद उन्हें सूचित भी किया जाएगा।