दिलदारनगर(गाजीपुर)। नगर पंचायत के एक मुहल्ला में बीते शुक्रवार की रात में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, छेड़खानी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस तीसरे दिन रविवार को भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर यसकी। हालांकि गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही।
मालूम हो कि नगर पंचायत क्षेत्र के एक मुहल्ला में शुक्रवार की रात करीब आठ बजे एक घर के बाहर कुछ युवक टहल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने युवती से छींटाकशी की थी। इसका मकान मालिक ने विरोध किया था। इसके बाद युवक वहां से चले गए थे। कुछ ही देर बाद दर्जनों युवक पहुंचे और मकान में रहने वालों से गाली-गलौज करते हुए पथराव किया था, जिससे एक युवती सहित तीन महिलाएं चोटिल हो गई थी। इस मामले में पीड़ित ने चार नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दिया। आरोप लगाया था कि युवकों ने युवती और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने के साथ उनसे छेड़खानी की। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई, लेकिन घटना के तीसरे दिन रविवार को भी पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार करने में असफल रही। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।