जखनिय(गाजीपुर)ा। क्षेत्र के अलीपुर मंदरा गांव की मुसहर बस्ती में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सौजन्य से 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन रैन बसेरा के निर्माण के लिए रविवार को वैदिक रीति-रिवाज से भूमि पूजन किया गया। इसके बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के प्रदेश सहमंत्री संजीव गुप्ता ने बताया कि 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस सामुदायिक भवन में पानी की टंकी, सोलर पंप, सोलर लाइट के साथ ही कंप्यूटर कक्ष की स्थापना भी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह कार्य सांसद एवं संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की पहल पर किया जा रहा है। इसके बन जाने से आदिवासी, वनवासी मुसहर समाज के बच्चे भी आधुनिक शिक्षा का लाभ उठा सकेंगे। वनवासी समाज के राष्ट्रीय संरक्षक रामराज वनवासी ने कहा कि सिन्हा जी के प्रयास से वनवासी समाज के कल्याण के निमित्त लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अलीपुर मंदरा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवानंद सिंह झुन्ना ने चिन्हित भूमि पर भूमि पूजन के माध्यम से कार्य का शुभारंभ कराया। कार्यक्रम में अजीत कुमार, रामराज वनवासी, ऊषा वनवासी, नंदू वनवासी, राजकुमार, वंदना सिंह, अफजाल, गौरव, संजय सिंह, अखिलानंद सिंह, अटल कुमार सिंह, कमला पांडेय, संजय पांडेय आदि उपस्थित थे।