गाजीपुर। बारिश के कारण जनपद में सब्जी की खेती पर काफी असर पड़ा है। पहले जगह-जगह जलभराव से जन जीवन प्रभावित हो गया और अब बारिश के कारण किचन का बजट भी गड़बड़ा गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सब्जी की फसल भी बर्बाद हो रही है। जिसका सीधा असर लोगों की जेबों पर पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक प्रभाव नदी किनारे सब्जी बोने वालों पर पड़ा है। इससे बाजारों में सब्जी तेजी से महंगी होती जा रही है।
देखा जाए तो पिछले साल बरसात की कमी की वजह से टमाटर सहित अन्य हरी सब्जियां आम आदमी की पहुंच से दूर रहीं। जबकि इस साल अच्छी बारिश ने सब्जी बोने वाले किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। एक हफ्ते पहले 60 रुपये किलो तक बिकने वाला टमाटर सीधे 100 रुपये पहुंच गया है। परवल 10 से 30 रुपये तक बिक रहा है। मिर्चा 40 से 100 रुपये किलो हो गया है। ऐसे में सब्जी थाली से दूर होती जा रही है। आढ़तियों के मुताबिक एक हफ्ते से हो रही लगातार बारिश की वजह से टमाटर के दाम बढ़े हैं। बाजार में लोग सब्जी खरीदने जरूर पहुंच रहे हैं, लेकिन दाम सुनने के बाद जेब टटोलने लग रहे हैँ। सब्जी के दाम आसमान छूने से गुरबत में जीने वालों की थाली से यह दूर हो गई है। ऐसे में अब किचन को बजट बिगड़ता नजर आ रहा है। गंगा तट पर सब्जी की खेती करने वाले किसानों का कहना है कि लगातार बारिश तथा नदी का जलस्तर बढ़ने से उनकी खेती अब खत्म होने के कगार पर पहुंच गई है। जबकि अन्य किसानों का कहना है कि बारिश से हुए जलजमाव के बाद सब्जी की खेती पर विशेष असर पड़ा है।