औड़िहार-सैदपुर(गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली सैदपुर क्षेत्र के स्थानीय नगर स्थित सब्जी मंडी तिराहे के पास शनिवार को खरीददारी कर रहे दंपति के बाइक की डिक्की से दो उचक्कों ने 42 हजार 500 रुपये उड़ दिए और मौके पर फरार हो गए। घटना के बाद वहां स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। पीड़ित दंपति ने उचक्कों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
खानपुर थाना क्षेत्र के घोघवा गांव निवासी फिरतू राम अपनी पत्नी के साथ दोपहर में सैदपुर स्थित स्टेट बैंक से 42 हजार 500 रुपये निकाले थे। दंपति बैग में रुपये रखकर अपनी बाइक के डिग्गी में रखकर बाजार जा रहे थे। वह पोस्ट आफिस मार्ग से आगे स्थित सब्जी मंडी के पास बाइक खड़ी कर किराने की दुकान पर खरीदारी करने गए थे। तभी उचक्कों ने उनकी डिक्की का ताला तोड़कर बैग सहित रुपये उड़ा दिए। दंपति की नजर जब-तक उचक्कों पर पड़ती वह मौके से फरार हो गए। दंपति के शोर मचाने पर वहां स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। पीड़ित दंपति ने अज्ञात उचक्कों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उचक्कों की तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक त्रिलोकी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उचक्कों की तलाश की जा रही है।