गाजीपुर। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 160 मेधावी छात्र-छात्राओं को बृहस्पतिवार को दुल्लहपुर बाजार स्थित एक लॉज में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 30 विद्यार्थियों को साइकिल तथा 80 से 89 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले 130 छात्र-छात्राओं को बैग भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
पृथ्वीराज चौहान शब्दभेदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन चौहान के नेतृत्व में आयोजित समारोह में गाजीपुर, वाराणसी, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया और कुशीनगर जनपदों के मेधावी विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान मेधावियों के अभिभावकों को भी माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पवन चौहान ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।
उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी और बाइक देकर सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में अजय चौहान, संत राज चौहान, राजन चौहान, सरोज चौहान, अनीता चौहान, हंसी देवी, वंदना चौहान, अशोक यादव, सूर्यनाथ यादव, सुनील चौहान, रविंद्र चौहान और डॉ. अभिनव चौहान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनीत चौहान और संचालन सुनील चौहान ने किया।