करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर राजभर बस्ती में बृहस्पतिवार को 16 कच्चे मकान और झोपड़ी में आग लग गई। इससे गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
वहीं एक भैंस और तीन बकरियां झुलसकर मर गईं। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूचना पर मुहम्मदाबाद सीओ चोब सिंह, नायब तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया।
गोविंदपुर गांव की राजभर बस्ती में दोपहर में उमाशंकर राजभर की झोपड़ी में आग लग गई। पछुआ हवा के दबाव के चलते देखते ही देखते आग का दायरा बढ़ गया।
मनोज राजभर, कामता राजभर, ददन राजभर, सुरेन्द्र राजभर, बब्बन राजभर, राजत राजभर, बेचन राजभर, शिवजी राजभर, छोटक राजभर, हरिकेश राजभर, ब्रह्मनंद राजभर, सोनवरसी देवी, नेउर राजभर, रमाशंकर राजभर के कच्चे मकान में आग लग गई।
रेलवे ट्रैक के पास लगी आग : जमानिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को रेलवे ट्रैक के पास आग लग गई।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक नवीन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि जब तक टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।