दिलदारनगर। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत दिलदारनगर जंक्शन और दरौली रेलवे स्टेशनों के बीच भक्सी गांव के समीप शनिवार की सुबह साढ़े पांच बजे ओएचई तार में आई अर्थिंग के चलते विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे हावड़ा से अमृतसर जा रही 13049 अप अमृतसर एक्सप्रेस भक्सी फाटकर पर खड़ी हो गईं। टीआरडी विभाग के कर्मचारियों ने अर्थिंग हटाया तब जाकर सवा सात बजे आपूर्ति शुरू हुई और अमृतसर एक्सप्रेस आगे के लिए रवाना हुई। इस दौरान करीब पौने दो घंटे तक अप ट्रैक से गुजरने वाली छह ट्रेनों के पहिए थमे रहे।
स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन से हावड़ा से अमृतसर जाने वाली 13049 अप अमृतसर एक्सप्रेस अमृतसर के लिए रवाना हुई। कुछ ही दूर आगे बढ़ने पर भक्सी फाटक पर ट्रेन अचानक खड़ी हो गई। लोको पायलट ने इसकी जानकारी वाकी टाकी के माध्यम से दिलदारनगर स्टेशन मास्टर को देते हुए मंडलीय अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को दी। नियंत्रण कक्ष की सूचना पर टीआरडी विभाग तार चेक करने निकला तो भक्सी गांव के पास अर्थिंग मिलने से आपूर्ति बाधित मिला। कर्मचारियों ने सवा सात बजे अर्थिंग को दूर किया तब जाकर आपूर्ति शुरू हुई और अमृतसर एक्सप्रेस आगे के लिए रवाना हो सकी। इसके चलते 12505 अप नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर तथा13005 अप अमृतसर मेल, 63229 अप बक्सर मंडुआडीह पैसेंजर,12333 अप विभूति एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें बक्सर और दिलदारनगर रेलवे स्टेशनों के बीच खड़ी रहीं। दिलदारनगर सेक्शन के यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भक्सी गांव के पास अप रेल विद्युत तार में अर्थिंग मिलने से करेंट बंद हो गया था। समस्या को दुरुस्त करने के बाद सवा सात बजे के बाद परिचालन बहाल कर दिया गया।