गाजीपुर। जिले के विभिन्न थानों में ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने की संख्या बढ़ी है। पिछले छह माह में 62 ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की गई है। यह मैनुअल तरीके से दर्ज एफआईआर का 1.56 फीसदी है। जबकि शहर कोतवाली में 41 मामले दर्ज हुए हैं। ऑनलाइन एफआईआर में अधिसंख्य मामले गुम हुए सामान और मोबाइल व बाइक चोरी संबंधित हैं।
पुलिस ने यूपी कॉप एप लांच किया है, जिससे पीड़ित घर बैठे अपने स्मार्ट फोन से ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करा सकता है। उन्हें सिर्फ अपने ऑनलाइन एफआईआर की एक हार्डकाॅपी निर्धारित अवधि तक थानों में जमा करनी है, जिससे पुलिस ऑनलाइन दर्ज मुकदमे के मुताबिक कार्रवाई कर सके। ऐसे में अब धीरे-धीरे ऑनलाइन एफआईआर की संख्या बढ़नी शुरू हो गई। जनपद के 26 थानों की बात की जाए तो भांवरकोल, भुड़कुड़ा, बिरनो, दिलदारनगर, दुल्लहपुर, जंगीपुर, करंडा, मुहम्मदाबाद, नगसरहाल्ट, रामपुर मांझा, रेवतीपुर, सादात, शादियाबाद और जमानिया में ऑनलाइन का आंकड़ा शून्य है। जबकि सबसे अधिक ऑनलाइन मुकदमे दर्ज कर शहर कोतवाली आगे हैं। एसपी डाॅ. ईरज राजा ने बताया कि छह में 62 ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की गईं हैं। धीरे-धीरे यह आंकड़ा बढ़ रहा है।