जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बरुइन गांव निवासी एक व्यक्ति को स्थानीय और वाराणसी पुलिस ने किसी मामले में उठा लिया। इसकी जानकारी उसके परिवार वालों को नहीं दी। इसके विरोध में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के सदस्यों के साथ परिवार के लोग गाजीपुर-सैयदराजा मार्ग पर स्टेशन बाजार पुलिस के सामने मंगलवार को दिन में धरना पर बैठ गए। पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।
मालूम हो कि बरुइन गांव निवासी कृष्णानंद सिंह उर्फ बिट्टू को सोमवार को घर से पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के संबंध में परिवार वालों को कोई जानकारी नहीं दी। इससे परिवार के लोग परेशान हो गए। मामले की जानकारी होते ही अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने सदस्यों के साथ परिवार के लोगों से मुलाकात की। परिवार के साथ ही गांव के लोग महासभा युवा के सदस्यों के साथ गाजीपुर-सैयदराजा मार्ग पर स्टेशन बाजार स्थित पुलिस चौकी के सामने धरना पर बैठकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे आवागमन में अवरोध उत्पन्न हो गया। जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी कुलभूषण ओझा, कोतवाली प्रभारी दिलीप कुमार सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को समझा-बुझाकर आधा घंटा बाद धरना समाप्त कराया। क्षेत्राधिकारी ने वाराणसी के लंका थाना के प्रभारी से वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी ली और बिट्टू के पिता से लंका थाना के प्रभारी से बात कराई। लंका थाना प्रभारी ने कहा कि बीते 10 मई की शाम करीब सात बजे हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य से 25 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में जांच चल रही है। इसे मामले में बिट्टू को गिरफ्तार किया गया। अगर वह निर्दोष होगा तो छोड़ दिया जाएगा। धरना में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष के साथ राकेश सिंह, अमृत सिंह, संजय सिंह, अमरेंद्र सिंह, अजीत सिंह, सुधीर सिंह, अभिषेक सिंह, पवन सिंह, प्रिंस सिंह, राहुल सिंह, विनय सिंह, पंकज सिंह, विशाल सिंह, प्रवीण सिंह, अभिमन्यु सिंह, हिमांशु सिंह आदि शामिल थे।