रेवतीपुर(गाजीपुर)। स्थानीय ब्लाक परिसर में खंड विकास अधिकारी ने शिक्षा विभाग तथा ब्लाक के कर्मचारियों को मतदान करने और लोगों को जागरूक करने में सहयोग करने की शपथ दिलाई। मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में शत -प्रतिशत मतदान कराने के लिए हर संभव प्रयास करने पर बल दिया गया। बताया गया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बीडीओ ननकू राम ने कहा कि अधिकारियों की टीम जिले में गांव-गांव पहुंच कर लोगों को जागरूक कर रही है। इस बार शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रख कर कार्य किया जा रहा है। मतदान करने के लिए सभी को जागरूक होने की जरूरत है। कहा कि स्कूल पर तथा अपने बूथों पर हर व्यवस्था को पहले से ही पूर्ण रूप से सही करवा लें। यह मतदान स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा लोकतंत्र के उपहार है। लोग मतदान केंद्र पर पहुंचे और निर्भीक होकर मतदान करें। पुलिस सुरक्षा को लेकर सतर्क है। क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर यादव, कुमुद सिंह, होशिला राय, कृष्ण कुमार, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, जयशंकर राय, संजय राय आदि मौजूद रहे।