दुल्लहपुर। क्षेत्र के जलालाबाद गांव में प्रधान प्रतिनिधि संतोष गुप्ता और शिवानंद पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार की शाम भारत माता की जय का नारा लगाते हुए विजय जुलूस निकाला। विभिन्न मार्गों से होता हुआ जुलूस जलालाबाद वीर अब्दुल हमीद शहीद चौराहा पर पहुंचा। यहां कैंडिल जलाकर पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पाकिस्तान का झंडा फूंका। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए एयरफोर्स के साहस को सलाम करते हुए खुशी में आतिशबाजी की।
विजय जुलूस नायकडीह से निकला। इसमें शामिल लोग पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद आदि लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। तिरंगा लहराने के साथ ही भारत माता की जय का नारा लगा रहे थे। जुलूस खोजवा, नसीरपुर, बड़ा मियना होते होते हुए जलालाबाद स्थित वीर अब्दुल हमीद शहीद चौरा पर पहुंचा। यहां पर पाकिस्तान का झंडा फूंका गया। इसके बाद पुलवामा में आतंकवादी हमला में शहीद हुए जवानों को कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी ठिकानों को तबाह करने के लिए वायुसेना के जवानों को सलाम करते हुए आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल पांडेय, संतोष गुप्ता, शिवानंद पांडेय, शैलेंद्र सिंह, संतोष यादव, प्रकाश यादव, विजय मोदनवाल, एखलाक चिश्ती, अकबर अली, दीपक कश्यप, रामधनी राजभर, दिनेश यादव, सर्वजीत सरोज सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। लोगों की भीड़ की वजह से गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग करीब आधा घंटा तक आवगान में अवरोध उत्पन्न हुआ। पुलिस आवागमन सुचारू कराने में लगी रही।