औड़िहार। खानपुर थाना क्षेत्र के गौरहट ग्राम में 26 फरवरी को कमल ज्योति यात्रा का शुभारंभ करने आ रहे भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम को अंतिम रुप देने में सरकारी अमला पूरी तरह से जुट गया है। काफी पहले से कार्यक्रम स्थल से लेकर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क को चमकाया जा रहा है। चौपाल स्थल को रंग-रोगन कर सजा दिया गया है। चौपाल कार्यक्रम गौरहट के प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित होगा।
मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, उपजिलाधिकारी शिशिर कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी आरबी सिंह आदि ने कार्यक्रम स्थल का रविवार को भी निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा के बाबत अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उधर भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक सैदपुर स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित कर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुरजोर स्वागत करने तथा कमल ज्योति यात्रा को सफल बनाने को कहा गया। इस अवसर पर संचार-रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के प्रतिनिधि सुनील सिंह, वरिष्ठ नेता सचिदानंद सिंह, बृजेंद्र राय, सुमित तिवारी, ओमप्रकाश पाठक, अविनाश बरनवाल, बसंत सेठ, सौम्यप्रकाश बरनवाल, सुधीर पाटिल, लालबहादुर यादव, सूर्यनाथ यादव आदि उपस्थित थे।