गाजीपुर। जिले के विभिन्न मार्गों पर आए दिन लग रहे जाम की समस्या को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने परिवहन विभाग तथा पुलिस की संयुक्त बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कई हिदायतें दी। कहा कि सड़कों पर खड़े वाहनों को संबंधित एसओ तत्काल हटवाएं। बिना कारण सड़कों पर खड़ी गाड़ियों का ई-चालान या जुर्माना वसूला जाए। कड़े शब्दों में कहा कि जिस क्षेत्र में जाम लगेगा, वहां की पुलिस जिम्मेदार होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
जिले के कठवामोड़-गाजीपुर घाट, हमीद सेतु, जमानिया तिराहा, सुहवल, रेवतीपुर, जमानिया, दिलदारनगर आदि मार्गों पर आए दिन लग रहे जाम से लोग कराह रहे हैं। कुछ माह पहले जाम में फंस जाने के कारण दूरदराज से आए परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई थी। यही नहीं कई बार गंभीर मरीजों की हालत खराब होने पर उनकी जान आफत में पड़ जाती है। पुलिस, ट्रक मालिक और परिवहन विभाग के अधिकारियों की बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. सिंह ने कहा कि जमानिया और गहमर में लगने वाली नो-इंट्री का कड़ाई से पालन किया जाए। पांच बजे से पहले प्रवेश कर लेने वाली गाड़ियों को बीच रास्ते में न खड़ा किया जाए। इधर-उधर खड़े होने वाले ऑटो तथा ई-रिक्शा को भी पकड़कर चालान काटा जाए। किसी भी क्षेत्र में अगर जाम लगता है तो इसके लिए क्षेत्रीय पुलिस जिम्मेदार होगी। सड़कों पर खराब होने वाले वाहनों को तुरंत किनारे कराकर यातायात बहाल किया जाए। जमानिया मोड़ सहित अन्य तिराहों पर बेवजह खड़े होने वाले बड़े वाहनों की धरपकड़ की जाए। उन्होंने कहा कि सजगता से ही जाम की समस्या से निजात पाया जा सकता है। इस मौके पर एआरटीओ राम सिंह, टीएसआई सुधीर त्रिपाठी, एसओ सुहवल राजू कुमार, एसओ गहमर बाल मुकुंद मिश्र, एसओ जमानिया सहित जिले के कई ट्रक मालिक मौजूद रहे।