गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के रुकुंदीपुर ताजपुर गांव में स्थित एक निजी विद्यालय के पीछे खेत में बंद बोरे में अज्ञात युवक की लाश मिली। बोरा रस्सी से बंधा हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो युवक की गर्दन पर रस्सी के निशान पड़े थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इलाके के रूकुंदीपुर ताजपुर गांव के समीप एक निजी विद्यालय के पीछे दिनेश यादव का खेत है। शनिवार को दोपहर बाद कुछ लोग खेत में काम करने पहुंचे थे। खेत में बोरा पड़ा देख चकित रह गए। बोरे को हीलाडुला कर देखा तो संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल जंगीपुर और शहर कोतवाली पुलिस को दी। बारी-बारी से दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बोरे को खोला तो देखा कि एक युवक की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर दिया गया था। मृतक की उम्र लगभग 30 साल थी। वह नीले रंग का जींस तथा आसमानी बूंदीदार शर्ट पहना था। उसके गले में एक मोती की माला थी। साथ ही गर्दन में काले धागे में एक ताबीज पहने हुए था। वह कहां का है, यहां कैसे आया, किसने उसे खेत में लाकर फेंका इस बात का पता नहीं चल सका है। सूचना के बाद सीओ सदर महिपाल पाठक तथा फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की माने तो युवक की गला दबाकर हत्या करने के बाद साक्ष्य को छुपाने की गरज से उसे बोरे में बांध कर खेत में फेंका गया है।
इनसेट..
सीमा विवाद में पड़ी रही लाश
गाजीपुर। शहर कोतवाली के रुकुंदीपुर ताजपुर गांव में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची जंगीपुर और शहर कोतवाली पुलिस के बीच काफी देर तक सीमा विवाद चला। बाद में घटना स्थल शहर कोतवाली क्षेत्र में होना बताया गया। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस सहित सीओ सदर महिपाल पाठक और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
कोट :.
- प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों से शव का पहचान कराया गया है। जांच कर जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। - महिपाल पाठक, सीओ सदर।