गाजीपुर। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति की अगुवाई में 29 अक्तूबर से प्रारंभ पुरानी पेंशन बहाली चेतना रथयात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए मंगलवार को यहां पहुंची। रथयात्रा के स्वागत के बाद जिला पंचायत के सभागार में आयोजित सम्मान सभा में मुख्य वक्ता पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष योगेश त्यागी ने कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी अब सरकार की दोहरी चाल को समझ चुके हैं।
कहा कि एक दिन के लिए भी कोई सांसद, विधायक, एमएलसी हो जाता है तो वह आजीवन पुरानी पेंशन पाता है। वहीं अपने जीवन के अमूल्य 40 वर्ष देने वाले कर्मचारियों को एनपीएस दिया जा रहा है जो बाजार के भरोसे है। सरकार की यह दोगली नीति नहीं चलेगी। सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देना होगा। अध्यक्षता करते हुए समिति के संरक्षक अभिमन्यु तिवारी ने कहा कि सरकार कर्मचारियों को कमजोर न समझे। उन्होंने 20 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को कामयाब बनाने का आह्वान किया। सह संयोजक अजय कुमार ने समिति के गठन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका गठन शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए किया गया है। जनार्दन सिंह यादव ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की सुविधाओं में लगातार कटौती की जा रही है। सरकारी नौकरियों को कम किया जा रहा है। जब तक पेंशन बहाल नहीं की जाती है तब तक संगठन चैन से नहीं बैठेगा। जिलाध्यक्ष राधेश्याम सिंह यादव ने कहा कि मांग पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडेय ने कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को धार दी जाएगी। सभा में प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय, संजय कुमार मिश्र, प्रतीक राय, अशोक गुप्ता, दिनेश यादव, मानवेंद्र सिंह, कमलदेव यादव, विपिन सिंह, दुर्गा सिंह, तारकेश्वर सिंह, अखिलेश यादव, कृष्णा यादव, अजीत यादव, मनोज राय एवं सुधीर सिंह आदि उपस्थित थे।