कासिमाबाद (गाजीपुर)। जिले में बढ़ रही धर्म परिवर्तन की घटनाओं से चिंतित अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उप जिलाधिकारी कासिमाबाद को पत्रक देकर धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी को पत्र देकर क्षेत्र के कई गांवों का जिक्र करते हुए अवगत कराया कि इस समय दलित बस्तियों में उनकी गरीबी, अशिक्षा और लाचारी को माध्यम बनाकर कुछ तत्व धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं।
पत्रक में बताया गया कि बीतेे छह नवंबर को कासिमाबाद विकासखंड के खेताबपुर ग्राम पंचायत में एक कार्यक्रम आयोजित कर दलितों का धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। जिसे अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा ने समय रहते रोक दिया। पत्रक में चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया है कि एक बार फिर देश को गुलामी की तरफ अग्रसर करने का कुछ लोग प्रयास कर रहे हैं। इसे तत्काल रोका जाना आवश्यक है। महासभा ने ऐसे कार्य में लिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उप जिलाधिकारी मंशाराम वर्मा ने पत्र के माध्यम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में भूपेंद्र सिंह, हरिनारायण सिंह, अवधेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, चंदन सिंह, गोलू सिंह, अनुज सिंह आदि शामिल थे।