सादात(गाजीपुर)। सादात थाना क्षेत्र के सैदपुर-सादात मार्ग पर कट्या चट्टी के पास शनिवार की सुबह साइकिल सवार को बचाने में एक तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे गड्ढा में पलट गया। इस दुर्घटना में जहां चालक की मौत हो गई, वहीं पिता-पुत्र घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
शादियबाद थाना क्षेत्र के मसउदपुर मौजा निवासी इलियास अपने पुत्र शहनवाज के साथ छठ पर्व पर बिक्री के लिए सैदपुर बाजार में फल खरीदने के लिए आया था। फल खरीदने के बाद वह सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-तीन निवासी पंकज सोनकर (24) की ऑटो लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान दिन में करीब 11 बजे कट्या चट्टी के पास अचानक ऑटो के सामने साइकिल सवार आ गया। चालक ने जैसे ही बचाने के लिए ऑटो को दूसरी साइड में किया। उसी दौरान सामने एक बोलेरो आ गई, जिससे ऑटो अनियंत्रित हो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। गंभीर रूप से घायल होने से ऑटो चालक पंकज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार पिता-पुत्र हल्के रूप से घायल हो गए। उनकी मरहम-पट्टी स्थानीय चिकित्सक के यहां कराया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद दुर्घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना के कुछ देर बाद परिवार के लोग थाने पहुंचे। पंकज के शव पर नजर पड़ते ही चीखने-चिल्लाने लगे। पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।