जमानिया(गाजीपुर)। नगर पालिका क्षेत्र के चांदपुर नई बस्ती स्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य धनंजय मौर्य के आवास पर मंगलवार को बसपा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों ने बैठक की। इसमें सभी ने एक स्वर से क्षेत्राधिकारी के तानाशाही पूर्ण रवैये तथा जनता के साथ अभद्र व्यवहार की निंदा की।
बैठक में सीओ आरबी सिंह द्वारा एक समुदाय को चिन्हित कर एक तरफा कार्रवाई करने पर रोष जताते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गोपाल राय ने कहा कि क्षेत्राधिकारी गैर हिंदू जाति के व्यापारियों को चिन्हित कर उन्हे प्रताड़ित कर रहे हैं। सीओ व्यापारियों को खुलेआम दुकानदारों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं और पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। कहा कि व्यापारियों और जनता को परेशान करना बंद नहीं किया तो पार्टी के कार्यकर्ता व्यापारियों को न्याय दिलाने के लिये आरपार की लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे। चेताया कि अगर सीओ पर कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। बैठक में व्यासमुनि राम, गुड्डू राम, मेराज हसन, जुबैर खां, शिवकुमार चौधरी, लक्ष्मण राम, राजेश प्रजापति, एनाम राईन, गणेश राम, जमाल, राहुल, सनोहर आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता सगीर अहमद एवं संचालन राधेश्याम ने किया। इस संबंध में सीओ आरबी सिंह ने बताया कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। कुछ लोग मुझे हटाने की काफी दिनों से साजिश कर रहे हैं।