सिधागरघाट(गाजीपुर)। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सिधागरघाट स्थित यूनियन बैंक के सामने टैक्टर ट्राली का टायर अचानक फट गया। इस घटना में मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया। आनन-फानन में ग्रामीण उसे इलाज के लिए सीएचसी कासिमाबाद ले गए जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन और ग्रामीण घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल के बजाए मऊ ले जाने लगे। रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सिधागर गांव निवासी शिवनाथ राजभर का पुत्र अजय कुमार राजभर (28) टेंट की दुकान पर रहकर मजदूरी और ट्रैक्टर चलाने का भी काम करता था। सुबह वह ट्रैक्टर ट्राली का पहिया पंक्चर होने पर सिधागरघाट चट्टी पर स्थित यूनियन बैंक के सामने पंक्चर की दुकान पर पहुंचा और पंक्चर पहिया को ठीक कराने के बाद ट्राली में पहिया लगाने लगा। इसी दौरान तेज आवाज के साथ टायर फट गया। पहिया सहित युवक कुछ दूरी पर जा गिरा और गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायल को इलाज के लिए सीएचसी कासिमबाद लाए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल को जिला अस्पताल ले जाने के बजाए मऊ ले जाने लगे। मऊ ले जाते समय घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।