जमानिया। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से चलाए जा रहे सप्त दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन गुरुवार को आयोजित बौद्धिक सत्र में गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर आचार्य गोवर्द्धन पांडेय ने गंगा की महत्ता को समझाते हुए गंग सकल मुद मंगल मूला, सब सुख करनी हरनी सब सूला की व्याख्या करते हुए गंगा का पौराणिक महत्व बताते हुए जीवन में जल की महत्ता पर प्रकाश डाला। कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। इस मौके पर हरिओम जायसवाल, मुकेश कुमार, सीता गुप्ता, प्रीति सिंह, मोनिका सिंह, राजन कुमार और बुशरा परवीन मौजूद रहीं। संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एके शर्मा शास्त्री ने तथा आभार कनिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने किया।