गाजीपुर। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गुरुवार को डीएम से मुलाकात कर पत्रक सौंपा। पत्रक के माध्यम से उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा फोन पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करके अवर अभियंता को विभागीय कार्रवाई किए जाने की धमकी देने पर अवर अभियंता और कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। इस पर जिलाधिकारी ने जांचकर कार्रवाई करने आश्वासन दिया। साथ ही सीडीओ को जांचकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
इधर संघ भवन में हुई बैठक में राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिशासी अभियंता लालजी के तानाशाही पूर्ण रवैए एवं अवर अभियंताओं से धमकी युक्त अभद्रता से बात करने करने को लेकर नाराजगी व्यक्त की गई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि तानाशाही रवैए अपनाते हुए अभियंताओं एवं कर्मचारियों के उपर अक्सर कठोर कार्रवाई करने के साथ फर्जी मुकदमें में फंसाने एवं बात-बात में प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। अधिशासी अभियंता के इस व्यवहार से अवर अभियंताओं में भय एवं असंतोष व्याप्त है। इस मौके पर सदस्यों और पदाधिकारियों ने प्रस्ताव पास किया कि अगर डीएम द्वारा आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो जिले के सभी अवर अभियंता अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सुरेंद्र प्रताप यादव, विकेश शाही, शहनवाज अहमद, शमशेर आलम, चंद्रजीत, सीमित यादव, अवधेश कुमार, राजेश कुमार, राहुल, गोविंदा, दिनेश चौरसिया आदि मौजूद रहे। संचालन इंजीनियर सुभाष चंद ने किया।