दुल्लहपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सोइया शिवपुर गांव निवासी कमला यादव के पुत्र बिजेंद्र यादव (22) का शव गाजियाबाद के डासना पुलिस चौकी स्थित नर्सरी में बागीचे के पेड़ से लटकता मिला था। रविवार को युवक का शव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के बड़े भाई अखिलेश यादव ने बताया कि विजेंद्र काफी होनहार था। उसे इंजीनियरिंग में भविष्य बनाने के सपने के अलावा कोई शौक नहीं था। आए दिन फोन से बातचीत होती थी, हमेशा खुश था बस गुरुवार से फोन नहीं आया। कहा कि बदमाश उसके भाई की हत्या कर उसे आत्महत्या की शक्ल देना चाहते हैं। बताया कि विजेंद्र गांव से हाईस्कूल और आजमगढ़ से इंटर करने के बाद गाजियाबाद स्थित आर्यन इंस्टीट्यूट से बीटेक की तैयारी कर रहा था। पार्ट टाइम में वह बच्चों को कोचिंग पढ़ाता था। मृतक के चाचा हवलदार यादव शाम पांच बजे एंबुलेंस से शव लेकर पहुंचे। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।