गाजीपुर। लोक निर्माण विभाग के निगमीकरण के विरोध में कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने मंगलवार को आस्तीन चढ़ा ली। संघर्ष समिति के चेयरमैन आरएन गुप्ता की अगुवाई में सभी घटक संघों के पदाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के परिसर में प्रदर्शन कर विरोध जताया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लोक निर्माण विभाग बहुत ही पुराना विभाग है। वर्तमान सरकार की ओर से इस विभाग पर यह आरोप लगाते हुए निगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है कि विभाग की तरफ से सरकारी योजनाओं को समय से पूर्ण नहीं किया जाता। इन परियोजनाओं का लाभ समय से जनता को नहीं मिल पाता है। यह आरोप बेबुनियाद है। सरकार की ओर से परियोजना पर एकमुश्त धन न देकर टुकड़ों में अलग-अलग वर्षो में दिया जाता है। इस कारण परियोजना को समय से पूरा करने में वित्तीय समस्या आड़े आती है। सरकार की ओर से अपनी इस कमी को छिपाने के लिए विभाग को दोषारोपित किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर वर्तमान सरकार की तरफ से विभाग को निगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगमीकरण की नीति के विरोध में आज से दो दिन धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर वेदनारायण, केशव लाल, राकेश कुुमार, खुर्शीद अहमद, सर्वजीत यादव, जयराम, रविंद्र कुमार राय, एसएन यादव, एसएन शर्मा, विकेश शाही, किंदू सिंह यादव, मनोज राय, सुनील शर्मा, सौरभ चंद्र शर्मा, मनीष कुमार, विद्यासागर तिवारी आदि मौजूद रहे। अंत में वक्ताओं ने चेताया कि जब-तक सरकार अपने इस निर्णय को नहीं बदलती है। तब-तक महासंघ चुप बैठने वाला नहीं है। प्रदर्शन का संचालन सुरेंद्र प्रताप ने किया।